बिहार : बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड और भीषण शीतलहर का प्रकोप जारी है। गिरते तापमान और ठंडी हवाओं के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर बढ़ते खतरे को देखते हुए सीमांचल के दो प्रमुख जिलों, किशनगंज और कटिहार में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। जिला प्रशासन ने कक्षा 8 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
किशनगंज: 9 जनवरी तक शैक्षणिक गतिविधियों पर ब्रेक
किशनगंज के जिलाधिकारी विशाल राज ने बढ़ते ठंड को देखते हुए पूर्व में जारी आदेश को विस्तार दिया है।जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालय, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कोचिंग संस्थानों में कक्षा 8 तक की कक्षाएं अब 9 जनवरी तक बंद रहेंगी। कक्षा 8 से ऊपर की कक्षाओं (9वीं से 12वीं) का संचालन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक ही किया जा सकेगा।प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं के लिए संचालित विशेष कक्षाओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है ताकि छात्रों की बोर्ड तैयारी प्रभावित न हो।
कटिहार: 10 जनवरी तक पाबंदी, DM ने जारी किया सख्त आदेश
कटिहार में भी ठंड का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिला दंडाधिकारी सह जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किया है।कटिहार में कक्षा 8 तक के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां 10 जनवरी तक स्थगित रहेंगी। यह नया आदेश 8 जनवरी से प्रभावी माना जाएगा।
प्रशासन का तर्क: स्वास्थ्य सर्वोपरि
दोनों जिलों के जिलाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि न्यूनतम तापमान में गिरावट और पछुआ हवाओं के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की प्रबल संभावना है। आदेश में कहा गया है कि स्कूल बंद रहने के दौरान केवल शैक्षणिक गतिविधियां बाधित रहेंगी, जबकि शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए प्रशासनिक कार्य यथावत चलते रहेंगे।
अन्य जिलों में भी बढ़ सकती है बंदी
राजधानी पटना सहित उत्तर बिहार और कोसी क्षेत्र के अन्य जिलों में भी भीषण ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन स्थिति की समीक्षा कर रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक शीतलहर से राहत न मिलने का अनुमान जताया है, जिसे देखते हुए संभावना है कि अन्य जिलों में भी जल्द ही स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का निर्णय लिया जा सकता है।
