भोपाल :कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर शेयर की और अपने स्वभाव के उलट राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) उसके संगठन और पीएम मोदी की खुलकर तारीफ की। उन्होंने जो फोटो शेयर किया उसमें भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी, प्रमोद महाजन, आनंदी बेन पटेल दिखाई दे रहे हैं, जबकि मोदी जमीन पर बैठे हुए दिख रहे हैं। इस फोटो को उन्होंने बहुत ही प्रभावशाली बताया और कहा कि यह संगठन की ही शक्ति है कि पार्टी का एक कार्यकर्ता नेताओं के चरणों में फर्श पर बैठकर भी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बन सकता है। इस फोटो को शेयर करते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा, ‘Quora site पर मुझे यह चित्र मिला। बहुत ही प्रभावशाली है। किस प्रकार RSS का जमीनी स्वयं सेवक व जनसंघ भाजपा का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री व देश का प्रधानमंत्री बना। यह संगठन की शक्ति है। जय सिया राम।’
सबसे खास बात यह है कि अपनी इस पोस्ट में उन्होंने कांग्रेस पार्टी, मध्य प्रदेश कांग्रेस, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और खुद पीएम मोदी को भी टैग किया।
यूजर्स ने निकाले सिंह की पोस्ट के अलग-अलग मायने
दिग्विजय सिंह की इस पोस्ट को लेकर यूजर्स ने अलग-अलग मायने निकाले। एक यूजर ने उनकी पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘सीधे मुंह क्यों नहीं कहते कि कांग्रेस में सिर्फ एक परिवार को राज करने का अधिकार हैं। बाकी कार्यकर्ताओं को तो राज परिवार और उसका युवराज अपना गुलाम समझता हैं। समझदार कांग्रेसी कार्यकर्ता को गुलामी छोड़कर देश सेवा के लिए दूसरी पार्टी में अपना भविष्य तलाशना चाहिए।’
एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘आप जिनको बता रहे है उन्होंने अपने कान बंद कर लिए है, जिन्हें दिखा रहे है उन्होंने आखें बंद कर रखी है और जिनको समझाने की कोशिश कर रहे है वो धृतराष्ट्र बने हुए हैं। सच को कब तक झुठलायेंगे कभी तो सच में जलना पड़ेगा, तपना पड़ेगा तब कहीं सम्मान मिलेगा राजनीति का।’
एक यूजर ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की बुरी हालत के लिए दिग्विजय सिंह को जिम्मेदार बताते हुए लिखा ‘जितना फायदा आपने उन्हें दिलाया है MP में, उतना कोई नहीं दिला सकता। जय सिया राम’ जबकि एक दूसरे यूजर ने लिखा, ‘कांग्रेस में यह असंभव हैं। काश दिग्गीराजा या सचिन पायलट एक दिन ऐसे बन जाते। Only गांधी family।’
एक अन्य पोस्ट में की NRI की तारीफ
इसके बाद शेयर की एक अन्य पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने जालोर के एक स्कूल की फोटो शेयर करते हुए विदेश में रहने वाले NRI डॉ अशोक जैन की तारीफ की। सिंह ने लिखा कि जैन ने अपनी मां के कहने पर अपने गांव के सरकारी स्कूल में एक कमरे की जगह पूरा का पूरा स्कूल बनवा दिया। दरअसल स्कूल की प्रिंसिपल ने उसी स्कूल से पढ़कर निकले जैन से स्कूल में एक कमरा बनवाने का अनुरोध किया था, इसके बाद जब अशोक जैन ने यह बात अपनी को बताई, तो उन्होंने कहा कि सिर्फ एक कमरे से क्या होगा, तुम पूरा स्कूल बनवाओ। इसके साथ ही उन्होंने अन्य अरबपति NRI से भी अशोक जैन का अनुसरण करते हुए सरकारी स्कूलों के सुधार में सहयोग देने की सलाह दी।
इस पोस्ट में सिंह ने लिखा, ‘Quora Site में एक और चित्र मिला। NRI डॉ अशोक जैन ने अपनी माँ के सुझाव पर एक कमरे की माँग के बदले करोड़ों रुपए का शासकीय स्कूल भवन बनवा दिया। क्या हमारे अरबपति NRI जहाँ उनकी शिक्षा हुई है वहाँ के शासकीय स्कूलों का भवन जिस प्रकार से डॉ अशोक जैन ने बनवाया है उसी प्रकार का बनवाने का प्रयास करेंगे? जय सिया राम । @JVSinghINC’ अपनी इस पोस्ट को उन्होंने अपने बेटे जयवर्धन सिंह को टैग किया।
