Bihar INFACTNewsRegional

Bihar: गया जी में अजय पिरामल, विष्णुपद में किया पिंडदान, फिर JP नारायण अस्पताल में डेढ़ घंटे तक लिया स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा

गया। देश के प्रसिद्ध उद्योगपति और पिरामल फाउंडेशन के चेयरमैन अजय पिरामल बुधवार की सुबह गया जी शहर पहुँचे। उन्होंने अपने एक दिवसीय दौरे की शुरुआत पवित्र विष्णुपद मंदिर में अपने पितरों के निमित्त पिंडदान करके की, जिसके बाद उन्होंने शहर के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र जय प्रकाश नारायण (जेपीएन) अस्पताल का दौरा किया और वहाँ की पूरी व्यवस्था का जायजा लिया।

विष्णुपद में किया गया श्राद्ध

उद्योगपति मुकेश अंबानी के समधी अजय पिरामल ने विष्णुपद मंदिर परिसर में एक दिनी गया श्राद्ध विधान से संपन्न किया। गयापाल सह श्री विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के सचिव गजाधर लाल पाठक ने पूरे विधान के साथ पिंडदान कराया और पितरों के मोक्ष की कामना की गई। पिरामल फाउंडेशन के चेयरमैन ने विष्णुपद के हनुमान मंदिर परिसर में करीब एक घंटे बैठकर पिंडदान किया। इसके बाद उन्होंने फल्गु नदी में पिंड छोड़कर तर्पण किया और विष्णुचरण पर पिंड चढ़ाकर गयाश्राद्ध संपन्न किया।इस मौके पर समिति के अध्यक्ष शंभू लाल विठ्ठल और सचिव गजाधर लाल पाठक ने अजय पिरामल का गर्मजोशी से स्वागत किया।

जेपीएन अस्पताल में डेढ़ घंटे का निरीक्षण

विष्णुपद में पिंडदान के बाद, अजय पिरामल का काफिला करीब 11:30 बजे जय प्रकाश नारायण अस्पताल पहुँचा। यहाँ भी उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक अस्पताल का गहन जायजा लिया और कर्मियों से विस्तार से बात की।अस्पताल पहुँचने पर डीपीएम (स्वास्थ्य) नीलेश कुमार और अस्पताल प्रबंधक संजय अम्बष्ठ ने उनका स्वागत किया। पिरामल ने निम्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले रजिस्ट्रेशन काउंटर पहुँचकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की जानकारी ली और वायटल जाँच का हाल जाना।उन्होंने डॉक्टर हेमंत कुमार से मिलकर मरीजों के इलाज की प्रक्रिया और दवा लिखने के तरीके पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पिरामल की टीम सदस्य श्रेया सिन्हा ने मरीज बनकर व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पैथोलैब में टेक्निशियन पवन कुमार से होने वाली जाँचों और दवा वितरण काउंटर पर दवाओं के वितरण की प्रक्रिया को भी विस्तार से जाना।

‘स्वास्थ्य सेवा ही सबसे बड़ी सेवा’

अस्पताल के सभागार में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, पैथोलॉजिस्ट और अन्य कर्मियों से बारी-बारी से बात करने के बाद अजय पिरामल ने कहा कि “स्वास्थ्य सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है।”विदाई से पहले, अस्पताल प्रशासन की ओर से डीपीएम नीलेश कुमार ने अजय पिरामल को भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की। इस मौके पर केंद्रीय टीम के मनमोहन सिंह, रोहित तलवार, स्टेट टीम के सुमित कुमार और अस्पताल के डॉक्टर व पिरामल फाउंडेशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button