Jharkhand INFACTNews

Bihar: शटडाउन के बावजूद पोल पर दौड़ी बिजली, लाइनमैन की मौत के बाद उग्र भीड़ ने जेई को सरेआम पीटा

सीतामढ़ी : बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग की घोर लापरवाही ने एक लाइनमैन की जान ले ली। इस हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने न केवल सड़क जाम की, बल्कि मौके पर पहुंचे जूनियर इंजीनियर की भी जमकर धुनाई कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शटडाउन के बावजूद पोल पर दौड़ी बिजली

मृतक की पहचान लाइनमैन बिंदेश्वर शाह के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बिंदेश्वर शाह एक खराब पड़े ट्रांसफार्मर को ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़े थे। बताया जा रहा है कि काम शुरू करने से पहले उन्होंने नियमतः विभाग से आधिकारिक तौर पर शटडाउन लिया था। मरम्मत कार्य के दौरान ही अचानक बिजली की सप्लाई शुरू कर दी गई। करंट की चपेट में आने से बिंदेश्वर शाह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और उनका शव खंभे से लटक गया।

आक्रोशित ग्रामीणों का तांडव, जेई की जमकर पिटाई

हादसे की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण लामबंद हो गए। आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच जब विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) स्थिति का जायजा लेने पहुंचे, तो भीड़ का गुस्सा उन पर फूट पड़ा।उग्र भीड़ ने जेई को घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और भारी सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।

पुलिस की कार्रवाई और उच्च स्तरीय जांच के आदेश

पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खंभे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।प्रशासनिक अधिकारियों ने इस घटना को विभाग के भीतर तालमेल की भारी कमी और गंभीर लापरवाही करार दिया है।अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है। शटडाउन के दौरान बिजली किसने और किसके आदेश पर चालू की, इसकी पहचान कर दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button