MP INFACTNews

Madhya Pradesh: बैतूल में SAF जवान की हत्या का कातिल दोस्त ही, लूट के लालच में की थी बेरहमी से हत्या

बैतूल : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की मुल्ताई पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। विशेष सशस्त्र बल (SAF) के जवान रंजीत सिंह सरयाम की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उनके ही एक करीबी दोस्त ने महज कुछ रुपयों और बाइक के लालच में की थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस इस खूनी साजिश का पर्दाफाश करने में सफल रही।

नाले में मिला था अज्ञात शव

घटना मुल्ताई थाना क्षेत्र के ग्राम हरदौली और चैनपुर के बीच की है। यहाँ झिरी नाले में कुछ दिन पहले एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने जब शिनाख्त शुरू की, तो मृतक की पहचान रंजीत सिंह सरयाम (45 वर्ष) के रूप में हुई। रंजीत छिंदवाड़ा के रहने वाले थे और 8वीं बटालियन SAF में पदस्थ थे। वे 6 जनवरी से ड्यूटी से लापता थे, जिसकी रिपोर्ट भी दर्ज थी।

लालच ने दोस्ती को किया कलंकित

पुलिस जांच में पता चला कि इस पूरी वारदात के पीछे मुख्य सूत्रधार मृतक का दोस्त सुदामा पिंजारे (37 वर्ष) था। सुदामा की नजर रंजीत की बाइक और उनके पास मौजूद कीमती सामान पर थी।लूट के इरादे से सुदामा ने रंजीत की निर्मम हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को नाले में फेंक दिया।आरोपी ने मृतक की मोटरसाइकिल को हाईवे पर एक ढाबे के पास छिपा दिया और करीब 1.15 लाख रुपये का सामान लूट लिया।

सीसीटीवी फुटेज से दबोचा गया कातिल

हत्याकांड को सुलझाने में आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी कैमरों ने अहम भूमिका निभाई। फुटेज में मृतक रंजीत की बाइक पर सुदामा पिंजारे बैठा दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने कामथ रोड पर घेराबंदी कर सुदामा को पकड़ा।कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने हत्या और लूट की बात स्वीकार कर ली।इस वारदात में सुदामा की मदद करने वाले उसके साथी रामदयाल उर्फ बबलू खवसे को भी पुलिस ने साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

बरामदगी और कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक की मोटरसाइकिल,आरोपियों की दो मोटरसाइकिलें,मृतक का बैग, नेम प्लेट, पर्स, मोबाइल और घरेलू सामान की बोरी जब्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button