BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: सिंह मेंशन पर आधी रात को बमबाजी,विधायक रागिनी सिंह और संजीव सिंह थे घर में मौजूद

धनबाद: कोयलांचल की राजनीति का केंद्र माने जाने वाले ‘सिंह मेंशन’ पर रविवार की आधी रात को अज्ञात हमलावरों ने बमबाजी की है। इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और धनबाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिस समय यह हमला हुआ, झरिया विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक संजीव सिंह घर के भीतर ही मौजूद थे।

एक के बाद एक दो धमाकों से सहमा इलाका

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हमलावरों ने सिंह मेंशन को निशाना बनाकर दो बम फेंके।सूत्रों के मुताबिक, एक बम सिंह मेंशन के परिसर के अंदर गिरा, जबकि दूसरा बम बाहर सड़क की ओर फटा।शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे सुतली बम बताया है। मौके से बम के अवशेष (सुतली और बारूद के अंश) बरामद किए गए हैं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए।

पुलिस का बड़ा अमला पहुंचा, सीसीटीवी खंगालने में जुटी टीम

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, सरायढेला और धनबाद थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम सिंह मेंशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने की दिशा का पता चल सके।घटना के बाद सिंह मेंशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

समर्थकों का जुटना शुरू, गहरी साजिश की आशंका

जैसे ही बमबाजी की खबर जंगल की आग की तरह फैली, रात में ही संजीव सिंह के समर्थकों की भारी भीड़ सिंह मेंशन पर जुटने लगी। समर्थकों में भारी आक्रोश है।धनबाद की राजनीति में सिंह मेंशन का अपना एक दबदबा रहा है। जानकारों का कहना है कि आज तक किसी ने इस परिसर पर सीधे हमले का साहस नहीं किया था, ऐसे में यह घटना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रही है।पुलिस अधिकारियों ने विधायक रागिनी सिंह और संजीव सिंह से बातचीत कर घटना के वक्त की परिस्थितियों की जानकारी ली है।

अंधेरे का फायदा उठाकर भागे अपराधी

प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के अनुसार, धमाके के तुरंत बाद कुछ संदिग्ध लोगों को अंधेरे का फायदा उठाकर भागते देखा गया। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है कि क्या यह केवल डराने की कोशिश थी या इसके पीछे कोई खूनी रंजिश की नई पटकथा लिखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button