Jharkhand: मोबाइल टावर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

रांची पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 33 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तौफिक अंसारी, अकमल अंसारी, मुबारक अंसारी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी गौरी कुमार के रूप में हुई है।
कंपनी का पूर्व कर्मी ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी तौफिक अंसारी पहले संबंधित मोबाइल टावर कंपनी में काम कर चुका था। नौकरी के दौरान उसे टावरों की सुरक्षा व्यवस्था और वहां लगे महंगे उपकरणों की पूरी जानकारी थी।इसी जानकारी का फायदा उठाकर वह अपने साथियों के साथ मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करता था। चोरी के बाद सामान को कबाड़ी गौरी कुमार को बेच दिया जाता था।
चोरी का सामान और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल टावरों से चोरी किए गए रिंग-फीड, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई कीमती सामान बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली एक चारपहिया गाड़ी भी जब्त की गई है।
रांची के 33 चोरी के मामलों का हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, गिरोह की गिरफ्तारी के बाद रांची जिले के कई थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें चान्हो, पिठोरिया, कांके, नगड़ी, रातु, ओरमांझी, सिकिदिरी, अनगड़ा, बुढ़मू, मांडर, खलारी, इटकी, बेड़ो और लापुंग थाना क्षेत्रों में दर्ज कुल 33 मामले शामिल हैं।पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।



