Bihar INFACTNews

Bihar: पटना में ऑटो गड्ढे में गिरकर बिजली की एलटी लाइन की चपेट में आया, 3 की मौत

बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मनेर थाना क्षेत्र के व्यपुर गांव में एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया। हादसे के बाद ऑटो ऊपर से गुजर रही लो टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैल गया और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

कार की टक्कर के बाद गड्ढे में गिरा ऑटो

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो रामजी चक-बांक मार्ग पर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने ऑटो को हल्की टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।बताया जा रहा है कि ऑटो में चालक सहित करीब 10 लोग सवार थे।

करंट लगने से बढ़ गई त्रासदी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गड्ढे में गिरने के बाद ऑटो बिजली की एलटी लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। करंट लगने के कारण कई यात्री ऑटो में ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

बिजली बंद होने के बाद शुरू हुआ राहत एवं बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन करंट होने के कारण तत्काल बचाव कार्य शुरू नहीं किया जा सका। इसके बाद डायल 112 और मनेर थाना पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने बिजली विभाग से संपर्क कर एलटी लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कराई। बिजली कटने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर ऑटो को गड्ढे से बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

तीन गंभीर घायलों को किया गया रेफर

हादसे में घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, मृतकों की हुई पहचान

मनेर थाना प्रभारी रजनीश कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में प्रमोद कुमार, तुन-तुन और पन्ना साहू की मौत हुई है।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों और कार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button