Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: चतरा में 1 करोड़ रुपये की अफीम और डोडा बरामद, कुंदा पुलिस ने एक तस्कर को किया गिरफ्तार

चतरा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कुंदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की अफीम और अफीम डोडा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम

वरीय पुलिस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम तेगम निवासी फुलेश्वर महतो का 22 वर्षीय पुत्र जलेश कुमार अपने घर में भारी मात्रा में अवैध अफीम और डोडा छिपाकर रखा हुआ है।सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह और पुलिस बल की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

7.540 किलो अफीम और 293.900 किलो अफीम डोडा बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से 7.540 किलोग्राम अफीम और 293.900 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल भी जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू और वीवो कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस इन उपकरणों के जरिए तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश

पुलिस ने आरोपी जलेश कुमार को गिरफ्तार कर कुंदा थाना कांड संख्या-52/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button