Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन ‘नारकोस’ की बड़ी सफलता, 12 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

रांची: रेलवे सुरक्षा बल रांची एवं आरपीएफ फ्लाइंग टीम ने ऑपरेशन “नारकोस” के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

वीआईपी गेट के पास संदिग्ध युवक पर हुई कार्रवाई

यह विशेष जांच अभियान आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित वीआईपी गेट के पास एक युवक काले और हरे रंग का स्काई बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पुलिस टीम को देखते ही वह घबरा गया, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई।

12 किलो गांजा बरामद, कीमत करीब 6 लाख रुपये

पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान बृजराज यादव (19 वर्ष), निवासी कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से चार पैकेट में कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।

गोरखपुर पहुंचाने के लिए मिला था प्रति किलो 1,000 रुपये का लालच

आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसे मेहंदी अंसारी नामक व्यक्ति ने ओडिशा के संताला से गोरखपुर तक गांजा पहुंचाने का काम सौंपा था। इसके बदले उसे प्रति किलोग्राम 1,000 रुपये देने का वादा किया गया था। उसने यह भी बताया कि रांची स्टेशन पर आरपीएफ की जांच देखकर मेहंदी अंसारी मौके से फरार हो गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, जीआरपी को सौंपा गया आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ प्रताप सिंह नेगी मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। एनडीपीएस अधिनियम के तहत सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर गांजा जब्त किया गया और सील कर दिया गया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी बृजराज यादव तथा जब्त गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया।

फरार आरोपी की तलाश जारी

आरपीएफ और जीआरपी की टीम फरार आरोपी मेहंदी अंसारी की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे परिसर में आगे भी विशेष अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button