BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: खूंटी में रथ खींचते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आए बच्चे, 2 की मौत, 6 गंभीर

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा उस समय हुआ जब बच्चे खेल-खेल में एक धार्मिक रथ को खींच रहे थे और रथ का ऊपरी हिस्सा 11,000 वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन से टकरा गया।

रथ हाईटेंशन तार से टकराते ही दौड़ा करंट

जानकारी के अनुसार, निधिवन रेस्टोरेंट के समीप एक धार्मिक आयोजन का रथ खड़ा था। पास के सरकारी विद्यालय के कुछ छात्र छुट्टी या अवकाश के दौरान वहां पहुंचे और खेल-खेल में रथ को धक्का देने लगे। इसी दौरान रथ आगे बढ़ा और उसका ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। इससे पूरे रथ में तेज करंट फैल गया और बच्चे उसकी चपेट में आ गए।

दो छात्रों की मौके पर मौत, छह घायल

इस हादसे में चंदन कुमार (पिता– ननका यादव) और तिजेश्वर गोप (पिता– पाल गोप) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों छात्र 12वीं कक्षा के विद्यार्थी थे।वहीं छह अन्य बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों ने बचाई बच्चों की जान

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई और सभी घायल बच्चों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

इलाके में शोक की लहर

दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button