Jharkhand: आदित्यपुर के आरआईटी मोड़ के पास युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना आरआईटी मोड़ के पास हुई, जहां हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), जमशेदपुर रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक बाइक पर बैठे व्यक्ति पर धारदार हथियार से लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
बातचीत के दौरान शुरू हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय दो युवक सड़क किनारे बातचीत कर रहे थे। इनमें एक युवक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा सड़क किनारे खड़ा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते खड़े युवक ने धारदार हथियार निकालकर बाइक पर बैठे युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बाइक पर मौजूद बच्चा बाल-बाल बचा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस बाइक पर हमला हुआ, उस पर एक बच्चा भी मौजूद था, जो इस हमले में बाल-बाल बच गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, हमले के कारणों का खुलासा बाकी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल आदित्यपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच रेफर कर दिया गया।पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



