Bihar INFACTNews

Bihar: जमुई में पैक्स चुनाव के दौरान भारी बवाल, काकन में पोलिंग एजेंट पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला

जमुई : बिहार के जमुई जिला अंतर्गत टाउन थाना क्षेत्र की काकन पंचायत में गुरुवार की सुबह पैक्स चुनाव के मतदान के दौरान जबरदस्त हिंसक झड़प और मारपीट की वारदात हुई है। मतदान केंद्र के बाहर ही आधा दर्जन से अधिक उपद्रवियों ने वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों के सामने ही नवल सिंह के पुत्र और पोलिंग एजेंट सलेंद्र कुमार की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी।इस अचानक हुए हमले से मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया। सरेआम हुई इस गुंडागर्दी के कारण वोटरों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।

सुरक्षाकर्मियों के सामने एजेंट को पीटा, ‘फर्जी वोटिंग’ का विरोध करने पर हुआ हमला

सदर अस्पताल में इलाज करा रहे घायल पीड़ित सलेंद्र कुमार ने बताया कि वे इस चुनाव में प्रत्याशी कोमल कुमारी के पक्ष से पोलिंग एजेंट बने थे। सुबह जब वे बूथ की तरफ जा रहे थे, तभी विपक्षी गुट के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर आए और सलेंद्र को रोकते हुए कहा, “तुम वोट देने मत जाओ, तुम्हारा वोट पहले ही पड़ जाएगा।”जब सलेंद्र ने इस फर्जी वोटिंग और धमकी का विरोध किया और अपना लोकतांत्रिक अधिकार इस्तेमाल करने की बात कही, तो वहां मौजूद सुरक्षा बलों के सामने ही दबंगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और लहूलुहान कर दिया।

“पहले ही दी थी अतिसंवेदनशील बूथ होने की चेतावनी, प्रशासन ने नहीं सुना”

घायल शैलेंद्र कुमार ने जिला प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा दावों पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया”काकन का यह बूथ पहले से ही बेहद अतिसंवेदनशील रहा है। इसके मद्देनजर मैंने खुद पहले जिलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर बूथ बदलने की मांग की थी। लेकिन जिला प्रशासन ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया और इसी का नतीजा आज की यह हिंसा है। इसी डर से मैंने पहले अपना नामांकन वापस लेकर प्रत्याशी कोमल कुमारी को समर्थन दे दिया था।”पीड़ित ने आगे बताया कि विरोधी खेमे की प्रत्याशी विभा कुमारी की मंशा निर्विरोध पैक्स अध्यक्ष चुने जाने की थी, लेकिन कोमल कुमारी द्वारा पर्चा भरे जाने के बाद से ही विपक्षी गुट लगातार तनाव पैदा कर रहा था।

पुलिस छावनी में बदला इलाका, ‘वीरप्पन’ समेत कई पर एफआईआर

घटना की जानकारी मिलते ही जमुई पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ सतीश सुमन और थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस की गाड़ियों को आते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।पुलिस ने तुरंत घायल सलेंद्र कुमार को रेस्क्यू कर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा।

इन आरोपियों पर केस

पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने स्थानीय दबंग सुभाष महतो उर्फ वीरप्पन, सौदागर महतो, निवास महतो, दीपू महतो और हृदय यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस का बयान

एसडीपीओ सतीश सुमन ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने और हिंसा फैलाने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और फिलहाल बूथ पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button