
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र में बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर तहसील के पास स्थित एक टेंट हाउस पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस खूनी हमले में टेंट व्यापारी सोनपाल और उनके बेटे विकास की मौत हो गई है। दिनदहाड़े हुई इस डबल मर्डर की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना का एक खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
दुकान में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, बड़ौत कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तहसील के समीप व्यापारी सोनपाल और उनका बेटा विकास अपनी टेंट हाउस की दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने अचानक दुकान पर धावा बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने आते ही दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
गोली लगने से पिता-पुत्र लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, घाव गहरे होने के कारण उपचार के दौरान डॉक्टरों ने पिता और पुत्र दोनों को मृत घोषित कर दिया।
2015 के मुकदमे की पुरानी रंजिश, एक बदमाश भी घायल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस खूनी खेल के पीछे साल 2015 का एक पुराना मुकदमा और आपसी रंजिश बताई जा रही है। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके नतीजे में इस वारदात को अंजाम दिया गया।हैरान करने वाली बात यह है कि इस जवाबी संघर्ष या क्रॉस फायरिंग में एक हमलावर बदमाश भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायल बदमाश को हिरासत में ले लिया है और उसे इलाज के लिए मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका उपचार चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बागपत के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वारदात स्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के हाथ दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज लगे हैं, जिसमें बदमाश फायरिंग करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।



