
खेल डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम को जून के अंत में आयरलैंड और उसके बाद इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज खेलनी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई 6 जून को दोनों दौरों के लिए टीम इंडिया के टी20 स्क्वाड की घोषणा कर सकती है। इसी के साथ टीम के नए कप्तान को लेकर भी बड़ा फैसला सामने आ सकता है।
श्रेयस अय्यर को मिल सकती है टी20 कप्तानी
रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आगामी टी20 विश्व कप 2028 और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए टीम के नेतृत्व में बदलाव करने का फैसला लिया है। ऐसे में मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कमान सौंपी जा सकती है।हालांकि, बीसीसीआई की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर उठे सवाल
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन हाल के समय में उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक चयनकर्ता अब भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए नए नेतृत्व विकल्प पर विचार कर रहे हैं।श्रेयस अय्यर ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2023 में खेला था। इसके बाद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में टीम में शामिल किया गया था, लेकिन प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है पहला मौका
आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियों में आए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी पहली बार भारतीय टीम में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। 15 वर्षीय वैभव ने इस सीजन में अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज से सभी का ध्यान आकर्षित किया।यदि उनका चयन होता है तो वे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बाद सबसे कम उम्र में भारतीय टीम के स्क्वाड में शामिल होने वाले खिलाड़ियों में शुमार हो जाएंगे।
कब खेली जाएंगी सीरीज?
भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज 26 और 28 जून को खेली जाएगी। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां 1 जुलाई से 11 जुलाई तक पांच मैचों की टी20 सीरीज आयोजित होगी।
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
फिलहाल श्रेयस अय्यर की कप्तानी और वैभव सूर्यवंशी के चयन को लेकर केवल मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई हैं। अंतिम फैसला 6 जून को चयन समिति द्वारा टीम घोषित किए जाने के बाद ही स्पष्ट होगा।



