Bihar INFACTNews

Bihar: स्कूलों के शैक्षणिक भ्रमण में शामिल होगा ‘बापू टावर’, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया निरीक्षण

पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गर्दनीबाग में नवनिर्मित बापू टावर के निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग और भवन निर्माण विभाग को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रमों के तहत बच्चों को बापू टावर, बिहार संग्रहालय, पटना म्यूजियम और साइंस सिटी का संयुक्त रूट बनाकर भ्रमण कराया जाए।

बापू टावर: गांधी जी की विरासत का आधुनिक केंद्र

मुख्यमंत्री ने टावर के पांचों तलों का भ्रमण किया और वहां स्थापित विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बापू टावर की प्रशंसा करते हुए कहा यह टावर महात्मा गांधी की स्थायी विरासत, उनके जीवन की ऐतिहासिक घटनाओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका का प्रमाण है। यहाँ बिहार के प्रति बापू के विशेष लगाव और उनके आदर्शों को बहुत ही सुंदर ढंग से रेखांकित किया गया है। यह स्थान न केवल दर्शनीय है, बल्कि शोधार्थियों और नई पीढ़ी के लिए एक महत्वपूर्ण अनुसंधान केंद्र भी साबित होगा।

पर्यटकों और छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं

निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को बापू टावर की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी। स्कूली बच्चों और समूह में आने वाले लोगों के लिए बापू टावर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। शिक्षा विभाग द्वारा तैयार किताबें ‘बापू की पाती’ और ‘मोहन से महात्मा’ को यहाँ डिजिटल रूप में प्रदर्शित किया गया है, ताकि बच्चे आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री ने पर्यटन तथा कला एवं संस्कृति विभाग से समन्वय बिठाकर यहाँ अधिक से अधिक लोगों के आने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

विमोचन और श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थापित बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।उन्होंने बापू के जीवन और बिहार की गौरव गाथा पर आधारित एक विशेष फिल्म भी देखी।इस अवसर पर उन्होंने ‘सत्याग्रह-बापू टावर का प्रकाशन’ पत्रिका का विमोचन किया।

अधिकारियों को निर्देश: हरियाली और रिसर्च पर जोर

मुख्यमंत्री ने बापू टावर परिसर और इसके आसपास के क्षेत्रों में हरियाली को और अधिक विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भवन निर्माण विभाग के सचिव को अनुसंधान केंद्र और आगंतुक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने को कहा ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को कोई असुविधा न हो।

गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button