Bihar: पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट, हथियार के बल पर 15–20 लाख के गहने लेकर फरार हुए अपराधी

पटना: बिहार की राजधानी पटना में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते शनिवार को हुई गोलीबारी की घटना के बाद रविवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।ताजा मामला पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के धनजी कॉलोनी का है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने लूट लिए।
दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में घुसकर लूट
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, वह दुकान में मौजूद थे और उस समय तीन ग्राहक भी अंदर थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच अपराधी वहां पहुंचे। सभी अपराधियों ने हेलमेट पहन रखा था ताकि उनकी पहचान छिपी रहे।दुकान में घुसते ही अपराधियों ने हथियार निकाल लिए और वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाकर एक कोने में बैठा दिया। जब दुकानदार ने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने पिस्टल के बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
15 से 20 लाख रुपये के गहने लूटे
अपराधियों ने दुकान से करीब 100 ग्राम सोने के गहने और 3 किलो चांदी के जेवर लूट लिए। इनकी अनुमानित कीमत 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है।वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।घायल दुकानदार का बयान दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
पांच अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि इस वारदात में कुल पांच अपराधी शामिल थे। इनमें से दो अपराधी दुकान के बाहर बाइक पर खड़े थे, जबकि तीन अपराधी अंदर घुसकर लूटपाट कर रहे थे।पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया जाएगा।
लगातार अपराध से लोगों में दहशत
राजधानी पटना में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।



