Entertainment: समय रैना और मुकेश खन्ना के बीच विवाद बढ़ा, ‘शक्तिमान’ पर टिप्पणी को लेकर अभिनेता ने जताई नाराजगी

मनोरंजन डेस्क : कॉमेडी, डिजिटल कंटेंट और पुराने टीवी शोज को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। इसी बीच अभिनेता मुकेश खन्ना और कॉमेडियन समय रैना के बीच विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मामला तब बढ़ा जब समय रैना ने अपने स्टैंड-अप शो में शक्तिमान और हालिया विवादों का जिक्र करते हुए टिप्पणी की। इसके बाद मुकेश खन्ना ने इंटरव्यू में अपनी नाराजगी जाहिर की।
‘टीआरपी होना किसी चीज को सही नहीं बनाता’ – मुकेश खन्ना
जूम को दिए इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने कहा कि आज के कंटेंट क्रिएटर्स को यह समझना चाहिए कि उनके कंटेंट का असर बच्चों और युवाओं पर पड़ता है।उन्होंने कहा कि कलाकारों की जिम्मेदारी होती है कि वे समाज के प्रति संवेदनशील रहें। मुकेश खन्ना ने बताया कि उन्होंने पहले भी द कपिल शर्मा शो में जाने से मना कर दिया था क्योंकि उन्हें लगा कि वहां जाने की जरूरत नहीं है।उन्होंने कहा कि सिर्फ करोड़ों की टीआरपी या व्यूज होने से कोई चीज सही नहीं हो जाती। अगर कंटेंट गलत है तो उसे गलत कहने की हिम्मत भी होनी चाहिए।
दर्शकों से भी किया सवाल
मुकेश खन्ना ने आगे कहा कि दर्शकों को भी सोचना चाहिए कि वे किस तरह का कंटेंट देख रहे हैं। उनके अनुसार कई बार यह सब कमर्शियल ड्रामा बन जाता है, जहां पैसा कमाने के लिए लोग अपनी सामाजिक जिम्मेदारी भूल जाते हैं। कुछ प्लेटफॉर्म पर गलत भाषा और सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
‘शक्तिमान’ को लेकर दिया जवाब
समय रैना की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मुकेश खन्ना ने कहा कि लोगों को पूरी सच्चाई समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शक्तिमान से किसी बच्चे की मौत होने की बात गलत तरीके से फैलाई गई थी और कोर्ट में भी सच्चाई सामने आ चुकी है।मुकेश खन्ना के अनुसार यह शो करीब सात साल तक चला और उसकी लोकप्रियता ही इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के इस तरह की बातें फैलाना सही नहीं है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब समय रैना के शो में एक आपत्तिजनक सवाल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इस एपिसोड में रणवीर अल्लाहबादिया से जुड़े एक बयान पर भी लोगों ने नाराजगी जताई थी।मामला इतना बढ़ गया कि कई जगह एफआईआर तक दर्ज हो गई और सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई। इसी बीच समय रैना ने अपने स्टैंड-अप में मुकेश खन्ना और ‘शक्तिमान’ का जिक्र करते हुए तंज कसा, जिसके बाद यह विवाद और बढ़ गया।



