Jharkhand: जामताड़ा में एसबीआई कैशियर के घर लाखों की चोरी, खिड़की की ग्रील काटकर ले गए सोने-चांदी के जेवर

जामताड़ा: शहर में चोरों ने मंगलवार की देर रात एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। राजपल्ली इलाके में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के कैशियर प्रदीप चौधरी के किराए के घर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
खिड़की की लोहे की ग्रील काटकर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार प्रदीप चौधरी मूल रूप से रांची के सेल सिटी के निवासी हैं और वर्तमान में जामताड़ा के बोदमा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं।वे राजपल्ली इलाके में एसडीओ कार्यालय के प्रधान लिपिक बैजू झा के मकान में किराएदार के रूप में रहते हैं।मंगलवार की देर रात जब प्रदीप चौधरी और उनकी पत्नी अपने कमरे में सो रहे थे, उसी दौरान चोरों ने घर की खिड़की की लोहे वाली ग्रील काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बदमाशों ने दूसरे कमरे में रखी आलमारी का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए।
सुबह खुली चोरी की घटना की पोल
बुधवार सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो दूसरे कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला और आलमारी में रखे जेवरात गायब थे। पीड़ित प्रदीप चौधरी ने बताया कि उनकी शादी पिछले साल ही हुई थी, जिसके कारण घर में काफी मात्रा में नए और कीमती गहने रखे हुए थे।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली और आसपास के घरों तथा रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके।



