Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: चाईबासा में सरहुल, ईद और रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, नप अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने अधिकारियों के साथ किया वार्डों का निरीक्षण

चाईबासा: सरहुल, ईद और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए चाईबासा नगर परिषद और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी के साथ शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी उपेंद्र कुमार, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी सन्तोषिनी मुर्मू, सिटी मैनेजर, सदर थाना के पदाधिकारी और विभिन्न वार्डों के पार्षद भी मौजूद रहे।

सदर थाना से शुरू हुआ निरीक्षण अभियान

निरीक्षण से पहले सभी पदाधिकारी सदर थाना में एकत्रित हुए। इसके बाद शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण शुरू किया गया। इस दौरान गाड़ीखाना चौक, मेरी टोला, बरकंदाज टोली, पुलहातु, हिंद चौक, कुमार टोली, साहिल चौक, कसाई मोहल्ला और उर्दू लाइब्रेरी सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया गया।

दो दिन में सफाई कार्य पूरा करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान नप अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कार्यपालक पदाधिकारी और सिटी मैनेजर को निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर सरहुल और ईद के जुलूस मार्गों पर सड़कों और नालियों की पूरी सफाई सुनिश्चित की जाए।इसके साथ ही उन्होंने मुख्य मार्गों पर घरों के बाहर रखे बिल्डिंग मटेरियल जैसे गिट्टी और बालू को हटाने का निर्देश भी दिया ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।

नाली पर बनी निजी सीढ़ियों को तोड़ने का आदेश

सदर एसडीएम संदीप अनुराग टोपनो ने कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन लोगों ने नाली के ऊपर निजी सीढ़ियां बनाकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया है, उन्हें चिन्हित कर नोटिस दिया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हटाया जाए।कार्यपालक पदाधिकारी सन्तोषिनी मुर्मू ने भी लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के सामने से निर्माण सामग्री हटाकर सड़क को खाली रखें।

जुलूस मार्गों को खाली रखने की चेतावनी

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरहुल और रामनवमी के जुलूस जिन मार्गों से गुजरते हैं, वहां किसी भी प्रकार की निर्माण सामग्री नहीं रखी जाए। लोगों को शुक्रवार तक सामान हटाने का निर्देश दिया गया है।अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय तक सामान नहीं हटाया गया तो प्रशासन उसे जप्त कर सकता है।

निरीक्षण में ये लोग रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार, वार्ड पार्षद चंदू करवा, डोमा मिंज, आलोक झा, मंगल खालको, जेबा फरहत समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button