Bihar: ‘निशांत’ के जेडीयू में शामिल होते ही उठी मुख्यमंत्री बनाने की मांग, बोले- “पिता की तरह सबको साथ लेकर चलूंगा”

पटना: बिहार की सियासत में रविवार, 8 मार्च 2026 का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बीच उनके पुत्र निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पार्टी में शामिल होते ही जेडीयू के भीतर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने, यहाँ तक कि मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी तेज हो गई है।
“निशांत कुमार संभालें बिहार की कमान” – जेडीयू विधायक की बड़ी मांग
निशांत कुमार के जेडीयू में आते ही युवा विधायकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। जेडीयू विधायक अतिरेक कुमार ने सार्वजनिक रूप से मांग करते हुए कहा “हम युवा विधायक चाहते हैं कि निशांत कुमार बिहार की कमान संभालें और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाए। उनकी बातचीत के तरीके में साक्षात नीतीश कुमार की झलक मिलती है। पार्टी को उन्हें आगे करना चाहिए।”
सदस्यता के बाद मंदिर और मजार पहुंचे निशांत
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने सबसे पहले अपने पिता नीतीश कुमार का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे अपनी नई राजनीतिक पारी की सफलता के लिए धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। निशांत ने पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना की।इसके बाद वे हाई कोर्ट के समीप स्थित मजार पर भी गए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “अल्लाह, वाहेगुरु और भगवान सब एक ही हैं। मेरे पिताजी हमेशा सभी धर्मों को साथ लेकर चले हैं, मेरी भी यही कोशिश रहेगी।”
ललन सिंह और गिरिराज सिंह ने किया स्वागत
निशांत कुमार की एंट्री पर एनडीए के बड़े नेताओं ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की लंबे समय से यह इच्छा थी। निशांत के आने से कार्यकर्ताओं में नया जोश है, इसका स्वागत होना चाहिए।
बीजेपी के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसे ‘नए युग की शुरुआत’ बताया। उन्होंने कहा कि निशांत के आने से एनडीए में खुशी है और हम सब मिलकर काम करेंगे।
बिहार में सत्ता परिवर्तन के संकेत?
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और निशांत कुमार के संगठन में आने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार में जल्द ही नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिल सकता है। जहां एक ओर बीजेपी के सीएम की चर्चा है, वहीं जेडीयू का एक धड़ा निशांत कुमार को भविष्य के नेता के रूप में देख रहा है। निशांत जल्द ही पूरे बिहार की यात्रा पर भी निकलने वाले हैं।



