Delhi: दिल्ली के लाल किले और बड़े मंदिरों पर आतंकी हमले की साजिश, लश्कर की धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

नई दिल्ली: खुफिया एजेंसियों ने देश की राजधानी दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में आतंकवादी हमले का एक बड़ा ‘हाई अलर्ट’ जारी किया है। खुफिया इनपुट्स के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले और देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बम धमाकों की योजना बना रहा है। इस अलर्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों की घेराबंदी शुरू कर दी है।
लाल किला और चांदनी चौक आतंकियों के निशाने पर
खुफिया रिपोर्टों में इस बात का खुलासा हुआ है कि आतंकी भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश में हैं। आशंका जताई गई है कि आतंकी लाल किले के आसपास के क्षेत्रों और घनी आबादी वाले चांदनी चौक इलाके में मौजूद मंदिरों में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस का इस्तेमाल कर सकते हैं।
अयोध्या, वाराणसी और मथुरा में सुरक्षा सख्त
अलर्ट के बाद न केवल दिल्ली, बल्कि देश के अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक शहरों में भी सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।अयोध्या (राम मंदिर) में सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है।वाराणसी और मथुरा में प्रमुख मंदिरों के आसपास निगरानी और ड्रोन मैपिंग शुरू कर दी गई है। सभी संवेदनशील इलाकों में एंटी-सैबोटेज इंस्पेक्शन और गाड़ियों की गहन चेकिंग की जा रही है।
इस्लामाबाद मस्जिद धमाके का ‘बदला’ लेने की साजिश
खुफिया इनपुट्स के मुताबिक, इस साजिश के पीछे 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए धमाके की बदले की भावना है। पाकिस्तान ने बिना किसी ठोस प्रमाण के इस हमले के लिए भारत पर मनगढ़ंत आरोप लगाए थे, जिसका भारत ने पुरजोर तरीके से खंडन किया था। अब लश्कर के आतंकी इसी का बदला लेने के लिए भारत में बड़े हमले की फिराक में हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का ‘जीरो टॉलरेंस’ एक्शन
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने टूरिस्ट हब और धार्मिक स्थलों के पास अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी है। इंटेलिजेंस एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिन बेहद संवेदनशील हो सकते हैं। पुरानी दिल्ली के इलाकों में संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि किसी भी लावारिस वस्तु को छूने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।



