Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: ऑपरेशन “मेगाबुरु” के तहत सारंडा में दूसरे दिन भी मुठभेड़, 16वां नक्सली ढेर

चाईबासा/सारंडा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे निर्णायक युद्ध ऑपरेशन “मेगाबुरु” में सुरक्षाबलों को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार सुबह एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी शुरू हुई, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान 16वें नक्सली का शव बरामद किया गया है।

कल के 15, आज एक और: कुल 16 नक्सली ढेर

कल गुरुवार को सुरक्षाबलों ने ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली अनल दा सहित 15 माओवादियों को मार गिराया था। आज ऑपरेशन के दूसरे दिन, इलाके की घेराबंदी कर चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान एक और नक्सली का शव और हथियार बरामद हुए हैं। इस प्रकार अब तक मारे गए नक्सलियों की कुल संख्या 16 पहुँच गई है।

ऑपरेशन “मेगाबुरु” से दहल उठा सारंडा

झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को ‘मेगाबुरु’ का नाम दिया है। सूत्रों के अनुसार, जंगल के कुछ हिस्सों में अभी भी नक्सलियों के छिपे होने की आशंका है, जिसके चलते रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। सुरक्षाबलों ने कई किलोमीटर के दायरे को सील कर दिया है ताकि एक भी नक्सली भागने में सफल न हो सके।

अनल दा के अंत से माओवादी संगठन अनाथ

एक करोड़ के इनामी और पोलित ब्यूरो सदस्य पतिराम माझी उर्फ अनल दा का मारा जाना नक्सलियों के लिए अपूरणीय क्षति है। वह दशकों से कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में समांतर सत्ता चला रहा था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अनल दा के साथ उसके दस्ते के लगभग सभी मुख्य लड़ाके इस ऑपरेशन में मारे गए हैं।

भारी मात्रा में रसद और हथियार बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों के कई बंकर मिले हैं। मौके से 16 शवों के अलावा अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा (AK-47, LMG, INSAS),सैकड़ों की संख्या में कारतूस और आईईडी बनाने का सामान,भारी मात्रा में दवाइयां, रसद और नक्सली साहित्य बरामद हुआ है।

सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर

मुठभेड़ और भारी क्षति को देखते हुए पूरे चाईबासा और सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक खुद इस ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह झारखंड के इतिहास में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में अंतिम और सबसे बड़ा प्रहार साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button