BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: चतरा में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, यूएसए मेड पिस्टल के साथ जीजा-साला गिरफ्तार

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में कुंदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों इलाके के बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यापारियों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी दशरथ कुमार भारती को यूएसए मेड लिखे अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और दो मिस फायर गोलियों के साथ गिरफ्तार किया। बाद में उसकी निशानदेही पर उसके साले विक्रम कुमार को भी दबोच लिया गया।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया छापेमारी अभियान

चतरा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।सूचना के सत्यापन के बाद कुंदा पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी का निर्देश दिया गया। इसके बाद कुंदा थाना प्रभारी, अन्य पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल के जवानों ने इलाके में सघन अभियान चलाया।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी, खदेड़कर पकड़ा

छापेमारी के दौरान पिंजनी गांव के पड़रियाबर टोला स्थित तीन मोहान के पास पुलिस की नजर मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। हालांकि, छापेमारी दल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।तलाशी के दौरान उसके बेल्ट में खोसा हुआ 9 एमएम का पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने दो मिस फायर गोलियां और घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

बड़े स्वर्ण कारोबारियों को निशाना बनाने की थी योजना

एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के मांझीपाड़ा गांव निवासी दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साले ने इलाके के बड़े कारोबारियों को निशाना बनाने के उद्देश्य से उसे अवैध हथियार उपलब्ध कराया था।इसके बाद पुलिस ने उसके साले विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों जीजा-साला मिलकर कुंदा थाना क्षेत्र में सक्रिय बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यापारियों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की फिराक में थे।

दशरथ का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी दशरथ कुमार भारती का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कुंदा थाना में पहले से एक अन्य आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देते, उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

छापेमारी अभियान में ये पुलिसकर्मी थे शामिल

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, एएसआई अशोक कुमार मंडल और नागेश्वर पंडित सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button