BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर के कदमा में आउट हाउस परिसर से 62 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद,पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के कपाली रोड स्थित एक क्वार्टर के आउट हाउस परिसर से मंगलवार सुबह 62 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिष्टुपुर बेलडीह ग्राम बस्ती निवासी सुनाधार नाग के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, परिजनों ने एक महिला पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

सोमवार दोपहर घर से निकले थे सुनाधार नाग

मृतक के बेटे विशाल के अनुसार, उनके पिता सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकले थे। इसके बाद मंगलवार सुबह उनका शव मिलने की सूचना परिजनों को मिली। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। इधर, कदमा थाना प्रभारी दिलीप यादव भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

महिला से संबंध होने की बात आई सामने

बेटे विशाल ने बताया कि उनके पिता कोई काम नहीं करते थे और कपाली रोड स्थित एक क्वार्टर के आउट हाउस में रहने वाली दीपा राज के घर अक्सर आते-जाते थे। विशाल ने उनके बीच अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है। परिजनों ने दीपा राज पर ही हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

कपाली रोड के पास लावारिस हालत में मिली साइकिल

घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की साइकिल कपाली रोड के पास लावारिस हालत में मिली। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वृद्ध की साइकिल वहां कैसे पहुंची और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

चार शादियां की थीं, तीन पत्नियों की हो चुकी है मौत

परिजनों के अनुसार, सुनाधार नाग की चार पत्नियां थीं, जिनमें से तीन की पहले ही मौत हो चुकी है। वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।फिलहाल पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button