Bihar: बिहार में बेखौफ बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार 12 लाख के गहने लूटे, बदमाश फरार

बरबीघा/नालंदा: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र में शनिवार को बहादुरपुर मोड़ के पास छह नकाबपोश बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर करीब 12 लाख रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए। वारदात के दौरान व्यवसायी के भाई के साथ भी मारपीट की गई। गोली लगने से घायल व्यवसायी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।घायल की पहचान शेखपुरा जिले के बरबीघा स्थित फैजाबाद निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
दुकान बंद कर भाई के साथ लौट रहे थे व्यवसायी
जानकारी के अनुसार, फैजाबाद निवासी श्याम सोनी के पुत्र सोनू कुमार नालंदा जिले के बेनार मोड़ पर आभूषण की दुकान चलाते हैं। शनिवार को दुकान बंद करने के बाद वह अपने भाई गोलू के साथ बाइक से बरबीघा स्थित घर लौट रहे थे।बाइक की डिक्की में करीब 12 लाख रुपये के सोने के आभूषण रखे हुए थे। इसी दौरान बहादुरपुर मोड़ के पास पहले से घात लगाए छह नकाबपोश बदमाशों ने दोनों भाइयों को रोक लिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने मारी गोली
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला किया। विरोध करने पर उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान बाइक चला रहे सोनू कुमार की कमर में गोली लग गई।इसके बाद बदमाश बाइक की डिक्की में रखे सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर
गोली लगने के बाद सोनू कुमार अपने भाई के साथ रेफरल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
पुलिस को दी गई घटना की सूचना
घटना की जानकारी सारे थाना पुलिस को दी गई है। वारदात में छह नकाबपोश बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। करीब 12 लाख रुपये के आभूषण लूटे जाने की सूचना है।अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात में शामिल बदमाश कौन थे और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी कब तक हो पाती है।



