Jharkhand: जमशेदपुर के मानगो में फल की गुमटी में लगी भीषण आग, दमकल ने पाया काबू

जमशेदपुर: मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित कोहिनूर टावर के बगल में मंगलवार को फल की एक गुमटी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और उसने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान आसपास जमा कचरे में भी आग फैल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई आग
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों तक आग फैलने से रोक लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
इस घटना में फल की गुमटी को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी सामने नहीं आया है। आग लगने के वास्तविक कारणों की भी जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।



