Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रामगढ़ के गिद्दी में सीसीएल कर्मी मंगलेश सिंह की चाकू मारकर हत्या, पत्नी के सामने वारदात को दिया अंजाम

रामगढ़: रामगढ़ जिले के गिद्दी ए स्थित सीसीएल क्वार्टर में देर रात सीसीएल कर्मी मंगलेश सिंह उर्फ हैप्पी की हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो अपराधकर्मी घर में पहुंचे और उन पर चाकू से कई वार किए। वारदात के समय उनकी पत्नी भी घर में मौजूद थीं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रात करीब 12:30 बजे घर में घुसे दो हमलावर

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय मंगलेश सिंह अपनी पत्नी के साथ घर में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे दो लोग घर पहुंचे और मंगलेश सिंह पर चाकू से हमला कर दिया।बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी ने हमलावरों से बार-बार गुहार लगाई कि वे चाहें तो घर का सामान ले जाएं, लेकिन उनके पति को छोड़ दें। हालांकि, आरोप है कि हमलावरों ने उनकी बात नहीं मानी और मंगलेश सिंह पर कई बार चाकू से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पत्नी के हाथ-पैर और मुंह बांधकर फरार हुए आरोपी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के बाद हमलावरों ने मंगलेश सिंह की पत्नी के हाथ-पैर बांध दिए और उनके मुंह पर टेप लगा दिया। सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद महिला को बंधन से मुक्त कराया गया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।

पहले से पैर टूटा होने की भी मिली जानकारी

बताया जा रहा है कि मंगलेश सिंह का पैर पहले से टूटा हुआ था। ऐसे में घर में घुसकर उन पर हमला किए जाने की घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वारदात के पीछे का कारण और हमलावरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है।पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button