Bengal : कोलकाता के चोरबगान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़, 15 से अधिक लोग घायल

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शारदीय नवरात्र के सातवें दिन चोरबागान सार्वजनिन दुर्गापूजा के भव्य पंडाल में उमड़ी भारी भीड़ के कारण अचानक भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे कम से कम 15 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रशासनिक स्तर पर हालात पर नजर रखी जा रही है और घायलों की संख्या में इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।
तेज बारिश और भारी भीड़ के बीच बिगड़े हालात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय बाहर तेज बारिश हो रही थी। बारिश से बचने और मां के दर्शन के लिए पंडाल में अचानक दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई। शुरुआती रिपोर्ट्स में यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि अत्यधिक दबाव या पंडाल के किसी हिस्से के प्रभावित होने से स्थिति और गंभीर हुई। हादसे के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर पूजा पंडाल की बत्तियां बुझा दी गईं और आवाजाही के रास्ते रोक दिए गए ताकि बड़ा नुकसान टल सके। मौके पर पुलिस और दमकलकर्मी तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
आयोजकों और प्रशासन की प्रतिक्रिया
पूजा आयोजन समिति से जुड़े विकास दास ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किन कारणों से हुआ। उनकी पहली प्राथमिकता सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर उनका इलाज सुनिश्चित करना है। हादसे के बाद हालात को देखते हुए फिलहाल पंडाल में प्रतिमा दर्शन पर रोक लगा दी गई है।
क्या है चोरबागान पूजा की इस वर्ष की थीम?
चोरबगान सार्वजनिन दुर्गोत्सव समिति अपनी कलात्मक और अनूठी थीम के लिए जानी जाती है। इस वर्ष समिति ने अपने पंडाल की थीम ‘आर्ब’ रखी है, जिसका अंग्रेजी भावार्थ ‘ध्वनि से परे’ है। इस अनूठी अवधारणा के जरिए ध्वनि की परिचित सीमाओं से आगे बढ़कर मौन की गहराई और 360-डिग्री अनुभव को दर्शाने का प्रयास किया गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे।



