Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर के काशीडीह में 50 हजार मिट्टी के घड़ों से बना दुर्गा पूजा पंडाल, बाबूलाल मरांडी ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर: साकची के काशीडीह मैदान में ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब की ओर से बनाए गए दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन मंगलवार को झारखंड के पहले मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉरपोरेट सेवा) डीबी सुंदर रमन और क्लब के संरक्षक अभय सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान आतिशबाजी की गई। अतिथियों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

50 हजार मिट्टी के घड़ों से तैयार हुआ पंडाल

इस वर्ष काशीडीह का दुर्गा पूजा पंडाल अपनी अनूठी बनावट के कारण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल को करीब 50 हजार मिट्टी के घड़ों से तैयार किया गया है। इसकी सजावट में तीन अलग-अलग आकार के घड़ों का इस्तेमाल किया जा रहा है।कारीगरों ने घड़ों को बेहद सावधानी से एक-दूसरे के साथ जोड़ा है, ताकि सजावट के दौरान वे टूटें नहीं। मिट्टी के घड़ों के साथ बांस की सूखी कामाची का भी उपयोग किया गया है, जिससे पंडाल को आकर्षक रूप दिया जा रहा है।

पंडाल निर्माण पर खर्च हुए करीब 30 लाख रुपये

पंडाल निर्माण पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए सभी मिट्टी के घड़े पश्चिम बंगाल के कोंटाई से मंगवाए गए हैं। बड़ी संख्या में घड़ों के इस्तेमाल से तैयार यह पंडाल पारंपरिक मिट्टी के बर्तनों की कलात्मकता और कारीगरों की मेहनत को दर्शाता है।

दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं के उमड़ने की उम्मीद

काशीडीह मैदान में तैयार किया गया यह अनोखा पंडाल दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहने वाला है। मिट्टी के घड़ों से बनी इसकी सजावट और पारंपरिक शिल्पकला को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button