Jharkhand: रांची में बकाया पैसा मांगने पर चालक को जबरन डीजल पिलाने का आरोप, इलाज के दौरान मौत

रांची। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में चालक के बकाया पैसे मांगने को लेकर हुई कथित मारपीट और जबरन डीजल पिलाने के मामले में पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। विद्यानगर करम चौक निवासी बबलू साव (41) की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी बिंदु देवी के बयान पर पुलिस ने पंकज साव और उसके दोस्त मोनू सिंह उर्फ ललू को आरोपी बनाया है।पुलिस के अनुसार, मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 310/26 के तहत धारा 123, 103(1) और 3(5) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बकाया पैसे मांगने पर जबरन डीजल पिलाने का आरोप
बिंदु देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पति बबलू साव चालक का काम करते थे। 22 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे पंकज साव उन्हें गाड़ी चलाने के लिए बुलाकर ले गया था।बिंदु के अनुसार, दोनों ने शराब पी थी। दोपहर करीब तीन बजे पंकज घर पहुंचा और बताया कि बबलू की तबीयत खराब है तथा वह करम चौक स्थित छोटा पुल छठ घाट के पास लेटे हुए हैं।जब बिंदु वहां पहुंचीं तो बबलू जमीन पर पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। पूछने पर पंकज ने कथित तौर पर बताया कि बबलू ने शराब और गांजा पीने के साथ डीजल भी पी लिया है।
सदर अस्पताल से रिम्स रेफर किया गया
बबलू को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया। 22 अगस्त की शाम करीब छह बजे उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया।इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर 29 अगस्त को बबलू को घर भेज दिया गया। पत्नी के अनुसार, घर लौटने के बाद बबलू ने कथित घटना के बारे में उन्हें बताया।
पत्नी के अनुसार बबलू ने बताई पूरी घटना
बिंदु देवी के मुताबिक, बबलू ने बताया कि उन्होंने पंकज के साथ गाड़ी चलाई थी और काम के बकाया पैसे मांगे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर पंकज ने अपने दोस्त मोनू सिंह उर्फ ललू के साथ मिलकर बबलू के मुंह में बोतल डालकर जबरन डीजल पिला दिया।मृतक की पत्नी ने पुलिस को यह भी बताया कि बबलू ने पंकज पर फोन के जरिए धमकी देने का आरोप लगाया था।
दोबारा तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में हुई मौत
30 अगस्त को बबलू की तबीयत फिर बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुपुदाना स्थित देवनिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें दोबारा रिम्स रेफर किया गया।5 सितंबर को बबलू को रिम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दो लोगों को बनाया आरोपी
बबलू की मौत के बाद उनकी पत्नी के बयान पर सुखदेवनगर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पंकज साव और मोनू सिंह उर्फ ललू को मामले में आरोपी बनाया है।मामले का अनुसंधान पुलिस अवर निरीक्षक गणेश कुमार करेंगे। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जाएगी।



