Jharkhand: बोकारो में दिनदहाड़े 21.40 लाख रुपये की लूट, बाइक सवार दो बदमाश फरार

बोकारो : बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े 21 लाख 40 हजार रुपये की लूट की घटना सामने आई है। मनसा सिंह गेट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एटीएम में नकदी जमा करने जा रहे एक व्यक्ति को कथित तौर पर निशाना बनाया और रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

एक्सिस बैंक से रुपये लेकर एटीएम जा रहे थे विजय कुमार

हिटाची फ्रेंचाइजी पेमेंट सर्विस के बिजनेस पार्टनर विजय कुमार के अनुसार, दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण उस दिन अधिक नकदी निकाली गई थी, जिसे दो एटीएम में जमा करना था। वह नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर बाइक से कुर्मीडीह एटीएम जा रहे थे।इसी दौरान मनसा सिंह गेट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने कथित तौर पर उनकी बाइक को धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद वे नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार और माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी, ताकि आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी रकम बाइक से ले जाने के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।फिलहाल पुलिस लूट की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर जांच के नतीजों का इंतजार है।

Exit mobile version