Jharkhand: घर में घुसकर महिला सुपरवाइजर की धारदार हथियार से हत्या,आरोपी हिरासत में

चक्रधरपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के शीतला मंदिर इलाके में किराये के मकान में रह रही एक युवती की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अनीता बिंद के रूप में हुई है। वह सोनुआ प्रखंड के महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थी।अनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली थी और करीब 15 दिन पहले ही शीतला मंदिर इलाके में किराये के मकान में रहने आई थी।

किराये के मकान में खून से लथपथ मिली युवती

बताया जा रहा है कि गुरुवार को एक युवक को अनीता के किराये के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में प्रवेश करते देखा गया। मकान मालिक ने युवक से पूछताछ की तो उसने खुद को अनीता का परिचित और प्रेमी बताते हुए उससे मिलने आने की बात कही।इसके बाद मकान के अंदर जाकर देखा गया तो अनीता खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले।

मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक की पहचान अनिल कुमार बिंद के रूप में हुई है। वह भी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला बताया जा रहा है।

प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही पुलिस

प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध युवक मकान के अंदर कैसे पहुंचा, अनीता और उसके बीच किस तरह का संबंध था और हत्या के पीछे आखिर क्या कारण था।

शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह और वारदात की पूरी कहानी स्पष्ट हो सकेगी।घटना के बाद शीतला मंदिर इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच भी हत्या को लेकर चर्चा बनी हुई है।

Exit mobile version