Bihar:बाल सुधार गृह में बाल कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

भभुआ। चैनपुर थाना क्षेत्र के केंवा के पास स्थित बाल सुधार गृह में गुरुवार दोपहर एक बाल कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। बाल कैदी को बाथरूम में गिरा हुआ पाया गया था। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया है। घटनास्थल की जांच के साथ न्यायिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

बाथरूम में गिरा मिला बाल कैदी

बाल सुधार गृह से बाल कैदी को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे कर्मी अजय कुमार के अनुसार, बाल कैदी कोर्ट से लौटने के बाद बाथरूम में गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर अन्य बच्चों से उसके बारे में पूछा गया।अन्य बच्चों ने बताया कि वह काफी देर से बाथरूम के अंदर बंद है। इसके बाद संदेह होने पर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बाल कैदी जमीन पर गिरा हुआ मिला।कर्मी के मुताबिक, उसे बाहर निकालकर बीपी की जांच की गई और तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोर्ट से लौटने के बाद बाथरूम में बंद मिला था कैदी

बाल सुधार गृह कर्मी के अनुसार, बाल कैदी गुरुवार को न्यायालय में पेशी के बाद वापस लौटा था। उस समय खाना खाने का समय हो गया था। इसी दौरान जब उसकी तलाश की गई तो पता चला कि वह काफी देर से बाथरूम में बंद है।कर्मी ने दावा किया कि बाल सुधार गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से संबंधित गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। उनके अनुसार, बाथरूम में गिरने के अलावा किसी अन्य घटना की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।मृत बाल कैदी भभुआ शहर के छावनी मोहल्ले का रहने वाला बताया गया है।

मां ने कहा- कोर्ट में मुलाकात के समय बिल्कुल स्वस्थ था बेटा

बाल कैदी की मौत की सूचना मिलने के बाद उसकी मां और अन्य परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।मृतक की मां का कहना है कि उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ था। गुरुवार को न्यायालय में पेशी के दौरान परिजनों ने उससे मुलाकात भी की थी। मां के मुताबिक, उस समय बेटे ने उनसे सामान्य तरीके से बातचीत की और किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या की जानकारी नहीं दी।परिजनों का कहना है कि न्यायालय में मुलाकात के करीब दो घंटे बाद ही उसकी मौत की सूचना मिली। इस वजह से उन्हें घटना की परिस्थितियों पर संदेह है।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

मृतक की मां के अनुसार, उनका बेटा 19 अगस्त से बाल सुधार गृह में बंद था। उसके खिलाफ भभुआ थाने में बलात्कार, वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।परिजनों का दावा है कि मामले में शिकायतकर्ताओं के साथ सुलह-समझौता भी हो गया था और वे लगातार उसकी जमानत के लिए प्रयास कर रहे थे।मां ने आरोप लगाया कि स्वस्थ बेटे की अचानक बाथरूम में गिरने से मौत की बात पर उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है। उन्होंने साजिश के तहत हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और गंभीर जांच की मांग की है।

तीन सदस्यीय मेडिकल टीम ने किया पोस्टमार्टम

बाल सुधार गृह में हुई संदिग्ध मौत को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया वीडियो कैमरे की निगरानी में कराई गई।मेडिकल टीम में डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. सतीश कुमार और डॉ. श्यामा कांत शामिल रहे।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

एसपी बोले- सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच

एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया है। घटनास्थल की जांच स्पेशल टीम ने की है। इसके अलावा एसडीएम भभुआ और एसडीपीओ भभुआ ने भी संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया।एसपी के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही मामले में न्यायिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही बाल कैदी की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version