Delhi: सीजेपी कार्यकर्ता के पिता से मारपीट मामले में गिरफ्तार स्वतंत्र कुमार को एक दिन की जेल, सोमवार को फिर होगी पेशी

नई दिल्ली। एक राजनीतिक कार्यकर्ता के पिता के साथ कथित मारपीट के मामले में गिरफ्तार स्वतंत्र कुमार को रविवार को पटियाला हाउस कोर्ट के ड्यूटी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। अदालत ने उन्हें एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब स्वतंत्र कुमार को सोमवार को संबंधित अदालत में दोबारा पेश किया जाएगा।

मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्वतंत्र कुमार के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मारपीट से जुड़ी धारा जमानती है, जबकि एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धारा गैर-जमानती होने के बावजूद ऐसे मामलों में अदालत से राहत मिलने की संभावना रहती है।सूत्रों के अनुसार, स्वतंत्र कुमार को सोमवार को अदालत से जमानत मिलने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

नाबालिग की शिकायत पर पोस्को केस अज्ञात के खिलाफ

मामले में एक नाबालिग की शिकायत के आधार पर पोस्को एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। यह केस फिलहाल अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अभी जांच शुरू नहीं की गई है। पहले नाबालिग का बयान पटियाला हाउस कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लेगी।

चिराग पासवान की शिकायत पर अभी केस दर्ज नहीं

वहीं, चिराग पासवान की शिकायत के संबंध में दिल्ली पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज करने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया है। पुलिस की ओर से शिकायत की समीक्षा और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे फैसला लिए जाने की बात सामने आई है।

सोमवार की पेशी पर टिकी नजर

स्वतंत्र कुमार को फिलहाल एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद अब सोमवार को उनकी दोबारा अदालत में पेशी होगी। इस दौरान उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होने की संभावना है।मामले में मारपीट, एससी-एसटी एक्ट और पोस्को से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच आगे बढ़ने के साथ तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Exit mobile version