Delhi: दिल्ली के सत्य निकेतन के पास 5 मंजिला इमारत ढही, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास एक पांच मंजिला इमारत ढहने से हड़कंप मच गया। हादसे में कई लोगों, खासकर छात्रों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

दोपहर 1:30 बजे मिली इमारत गिरने की सूचना

फायर डिपार्टमेंट को रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।बताया जा रहा है कि हादसा दिल्ली के मोतीबाग इलाके में हुआ है। घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

5 मंजिला थी इमारत, छात्रों के दबे होने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गिरी हुई इमारत पांच मंजिला थी। बताया जा रहा है कि इस इमारत में छात्र पीजी के तौर पर रह रहे थे। ऐसे में कई छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ छात्र अभी भी अंदर से फोन कर मदद की जानकारी दे रहे हैं। हालांकि, मलबे में फंसे लोगों की वास्तविक संख्या फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

दो छात्रों को सुरक्षित निकाला गया

बीजेपी विधायक अनिल शर्मा के अनुसार, एनडीआरएफ और एमसीडी की टीमों ने अब तक दो छात्रों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला है। उन्होंने बताया कि कुछ छात्रों के अंदर से फोन आने की जानकारी भी मिल रही है।विधायक ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का मंजर

एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, गिरी हुई इमारत का नाम ‘हॉस्टल डेज’ बताया जा रहा है और इसमें मुख्य रूप से लड़के पीजी में रहते थे। प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि इसके बगल की एक अन्य इमारत भी ढह गई।उसके मुताबिक, हादसे के समय जो छात्र अपने कमरों के अंदर थे, उनके मलबे में दबे होने की आशंका है। फंसे हुए छात्रों की संख्या का पता रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड की जांच के बाद ही चल सकेगा।

फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें जुटीं

घटना के बाद फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एमसीडी की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मलबे को सावधानीपूर्वक हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, कुछ लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं और बचावकर्मी उन्हें काफी मुश्किलों के बीच बाहर निकाल रहे हैं।

सरकार की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर

बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से पूरी टीम को मौके पर भेजा गया है और सरकार की प्राथमिकता मलबे में फंसे छात्रों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालना है।फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। मलबे में कितने लोग फंसे हैं और हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी आधिकारिक संख्या सामने आना बाकी है।

Exit mobile version