Entertainment: अजय देवगन फिर बनेंगे विजय सलगांवकर, 9 सितंबर को रिलीज होगा ‘दृश्यम 3’ का ट्रेलर

मनोरंजन डेस्क : अजय देवगन एक बार फिर दर्शकों के बीच विजय सलगांवकर के किरदार में वापसी करने के लिए तैयार हैं। बहुप्रतीक्षित क्राइम-सस्पेंस फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता है। अब मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। फिल्म का ट्रेलर 9 सितंबर 2026 को रिलीज होगा।ट्रेलर की घोषणा के साथ मेकर्स ने विजय सलगांवकर और उनके परिवार का नया पोस्टर भी जारी किया है, जिसने फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।

9 सितंबर को आएगा ‘दृश्यम 3’ का ट्रेलर

मेकर्स ने शनिवार को ‘दृश्यम 3’ का नया फैमिली पोस्टर जारी किया। पोस्टर में अजय देवगन यानी विजय सलगांवकर अपने परिवार के साथ एक गाड़ी में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में परिवार के सभी सदस्य काफी तनाव में दिखाई दे रहे हैं, जिससे फिल्म की कहानी को लेकर रहस्य और गहरा गया है।इसी पोस्टर के जरिए मेकर्स ने ऐलान किया कि ‘दृश्यम 3’ का ट्रेलर 9 सितंबर 2026 को रिलीज किया जाएगा।

2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम 3’ 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई है।अजय देवगन ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “सवाल, अब भी वही हैं। पर जवाब, अब और भी करीब। ट्रेलर 9 सितंबर को आएगा। दृश्यम: द कनक्लूजन 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में।”

विजय सलगांवकर के परिवार पर फिर मंडराएगा खतरा?

नए पोस्टर में विजय सलगांवकर और उनका परिवार तनाव में नजर आ रहा है। ऐसे में फैंस के बीच यह सवाल भी उठने लगा है कि इस बार विजय अपने परिवार को किस मुश्किल से बचाने की कोशिश करेंगे।‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी अपनी रहस्यमयी कहानी, क्राइम और सस्पेंस के लिए जानी जाती है। तीसरे पार्ट के ट्रेलर से फिल्म की कहानी से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

‘दृश्यम 3’ की स्टार कास्ट

फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं श्रिया शरण उनकी पत्नी नंदिनी के किरदार में नजर आएंगी।तब्बू एक बार फिर आईजी मीरा देशमुख के किरदार में वापसी करेंगी, जबकि रजत कपूर महेश देशमुख की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी फिल्म में अहम और नई भूमिकाओं में नजर आएंगे।

ट्रेलर को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह

ट्रेलर रिलीज डेट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने अपनी खुशी जाहिर की। कई यूजर्स ने फिल्म को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि वे विजय सलगांवकर की कहानी के अगले अध्याय का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।अब सबकी नजर 9 सितंबर 2026 पर है, जब ‘दृश्यम 3’ का ट्रेलर रिलीज होगा और फिल्म की कहानी से जुड़े नए राज सामने आ सकते हैं।

Exit mobile version