कोचस (रोहतास)। दिनारा थाना क्षेत्र के भगीरथा गांव में माला का मोती निगलने से मशरूम व्यवसायी के चार वर्षीय पुत्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान कैमूर जिले के बघिनी निवासी बिमलेश यादव के पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
कान्हा बनकर तैयार हुआ था मासूम
जानकारी के अनुसार, बिमलेश यादव का परिवार पिछले करीब चार वर्षों से बघिनी से आकर भगीरथा गांव में मशरूम की खेती का व्यवसाय करता है। बताया गया कि घटना के दिन आर्यन ने कान्हा के रूप में कपड़े पहने थे और मोतियों की माला पहनी थी।इसी दौरान किसी तरह माला टूट गई और आर्यन ने उसमें से एक मोती मुंह में डालकर निगल लिया। इसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन
बच्चे की हालत बिगड़ते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में आर्यन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोचस ले जाया गया। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फेफड़े में फंस गया था मोती, सांस की नली हुई जाम
सीएचसी कोचस के चिकित्सक डॉ. अजीत कुमार सिंह के अनुसार, बच्चे के फेफड़े में मोती फंस गया था। इसके कारण उसकी श्वसन नली जाम हो गई और बच्चे की मौत हो गई।घटना के बाद चिकित्सकों ने परिजनों को बच्चे की मौत की जानकारी दी।
खुशी का माहौल गम में बदला
आर्यन के कान्हा के रूप में तैयार होने से परिवार में उत्साह और खुशी का माहौल था। लेकिन माला का मोती निगलने की घटना ने कुछ ही देर में परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।मासूम की मौत के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का दुख देखकर गांव का माहौल भी गमगीन हो गया।
