धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम ने बड़ी मात्रा में शराब और केन बीयर बरामद की है। ट्रेन संख्या 13051 के पीछे वाले जनरल कोच से करीब 130 लीटर केन बीयर और अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। बरामद शराब की कुल अंकित कीमत करीब 38,160 रुपये बताई गई है।खास बात यह है कि बरामद शराब की बोतलों और बीयर केन पर ‘FOR SALE IN WB ONLY’ लिखा हुआ था। किसी यात्री ने बरामद सामान पर अपना दावा नहीं किया। आरपीएफ ने शराब को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए धनबाद उत्पाद विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
धनबाद स्टेशन पर आरपीएफ की स्पेशल टीम कर रही थी निगरानी
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देशन में आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम बुधवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर गश्त और निगरानी कर रही थी।इसी दौरान ट्रेन संख्या 13051 धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची। ट्रेन की जांच के दौरान आरपीएफ जवानों ने पीछे वाले जनरल कोच पर विशेष निगरानी रखी।
जनरल कोच में लावारिस मिले छह बैग और दो थैले
आरपीएफ टीम ने जनरल कोच की जांच के दौरान छह बैग और दो थैले संदिग्ध अवस्था में पड़े देखे। जवानों ने कोच में मौजूद यात्रियों से इन सामानों के मालिकाना हक को लेकर पूछताछ की।पूछताछ के दौरान किसी भी यात्री ने बैग और थैलों पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद आरपीएफ टीम ने नियमानुसार सभी बैग और थैलों को खोलकर जांच की।
बैग खोलते ही मिली बड़ी मात्रा में बीयर और अंग्रेजी शराब
जांच के दौरान बैग और थैलों से बड़ी मात्रा में केन बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। ट्रेन के कम ठहराव को देखते हुए जब्त सामान को प्लेटफॉर्म संख्या-3 के हावड़ा छोर पर उतारा गया।इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में बरामद सामान की विस्तृत जांच की गई। जांच में करीब 130 लीटर शराब और बीयर मिली, जिसकी कुल अंकित कीमत 38,160 रुपये बताई गई है।
शराब पर लिखा था ‘FOR SALE IN WB ONLY’
आरपीएफ के अनुसार, बरामद शराब की बोतलों और बीयर केन पर ‘FOR SALE IN WB ONLY’ अंकित था। आरपीएफ ने इसे प्रतिबंधित सामग्री मानते हुए गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया।जब्ती की कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी सामान को आरपीएफ पोस्ट धनबाद लाया गया।
उत्पाद विभाग को सौंपी जाएगी जब्त शराब
मामले में आरपीएफ के उप निरीक्षक प्रवीण कुमार की ओर से लिखित शिकायत तैयार की गई है। अब जब्त शराब और बीयर को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद उत्पाद विभाग को सुपुर्द किया जाएगा।फिलहाल आरपीएफ इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि शराब किसने ट्रेन में रखी थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
