धनबाद। करीब दो महीने तक झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष का पद होल्ड पर रहने के बाद कुमार गौरव को एक बार फिर संगठन की कमान सौंप दी गई है। रविवार को धनबाद स्थित अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कुमार गौरव ने संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।कुमार गौरव ने बताया कि कुछ कारणों से उनका प्रदेश अध्यक्ष पद होल्ड पर रखा गया था। इसके बावजूद उन्होंने छात्र आंदोलनों, छात्र हित से जुड़े मुद्दों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाना जारी रखा। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता को देखते हुए भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने 27 अगस्त को उन्हें दोबारा झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी।
7 सितंबर को राजभवन घेराव करेगी युवा कांग्रेस
कुमार गौरव ने बताया कि एमएमडीआर विधेयक के विरोध में 7 सितंबर को रांची स्थित राजभवन के बाहर विशाल प्रदर्शन और राजभवन घेराव किया जाएगा। इसमें झारखंड के सभी 24 जिलों से हजारों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया है।उन्होंने कहा कि संगठन इस मुद्दे को लेकर राज्यभर में आंदोलन को मजबूत करेगा और कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में रांची पहुंचने का आह्वान किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की हिरासत के विरोध में प्रदर्शन
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगी।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजू दास, योगेंद्र सिंह योगी, खुर्शीद अंसारी, तबरेज खान, अरविंद कुमार सैनी, टिंकू अंसारी और यूसुफ अली समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
क्यों होल्ड पर रखा गया था कुमार गौरव का पद?
गौरतलब है कि जून के अंतिम सप्ताह में कुमार गौरव पर अनुशासनहीनता के आरोप लगे थे। उन पर धनबाद सर्किट हाउस में युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया था।कांग्रेस की एक महिला नेत्री की ओर से आरोप लगाए जाने के बाद युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने अधिसूचना जारी कर कुमार गौरव को प्रदेश अध्यक्ष पद से होल्ड पर रखा था। करीब दो महीने बाद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें फिर से झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी है।
