रामगढ़: जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित माँ छीन्मस्तिका सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। फैक्ट्री के पावर प्लांट में लगे टरबाइन और पैनल में हुए भीषण विस्फोट की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान विनीत महतो, संजीव केशरी और अभिषेक पांडेय के रूप में हुई है। वहीं तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे से मजदूरों में आक्रोश और मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है।
टरबाइन में तकनीकी खराबी के बाद हुआ विस्फोट
पावर प्लांट के टेक्निकल इंजीनियर अमित कुमार के अनुसार, टरबाइन में तकनीकी खराबी आने के बाद पैनल में जोरदार विस्फोट हुआ। उन्होंने हादसे के लिए फैक्ट्री प्रबंधन की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।वहीं पावर प्लांट के इंजीनियर आलोक तिवारी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट काफी शक्तिशाली था और चार कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रशासन और पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के कारणों और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मृतकों के परिजनों और मजदूरों ने हादसे की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रुंगटा ग्रुप के अधीन संचालित होने की जानकारी
बताया जा रहा है कि माँ छीन्मस्तिका सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री रुंगटा ग्रुप के अधीन संचालित होती है। हालांकि हादसे के संबंध में प्रबंधन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।इस दर्दनाक औद्योगिक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रशासनिक जांच के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों और किसी संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
