रांची। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली और अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के 22वें दिन शनिवार को छात्र नेताओं ने प्रेस वार्ता कर सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया।छात्र नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान
प्रेस वार्ता में छात्र नेताओं ने घोषणा की कि 20 अगस्त को राज्यभर से हजारों अभ्यर्थी रांची पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।छात्रों का आरोप है कि उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी वजह से आंदोलन को और व्यापक करने का निर्णय लिया गया है।
24 जिलों में विरोध प्रदर्शन, सीएम और राहुल गांधी का पुतला दहन
छात्र नेताओं ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में राज्य के सभी 24 जिलों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी के पुतले दहन करने की घोषणा की गई है।राजधानी रांची में अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्य प्रदर्शन आयोजित करने की बात कही गई है, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के जुटने की संभावना है।
मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की तैयारी
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी जेपीएससी-जेएसएससी सीजीएल परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।छात्र नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा और सरकार पर मांगों को लेकर दबाव बनाया जाएगा।
