Jharkhand: गिरिडीह जनसंपर्क कार्यालय में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

गिरिडीह जिला जनसंपर्क कार्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए माइक्रोटेक इनवर्टर, दो एसएफ सोनिक बैटरियां और एक सैमसंग एलईडी टीवी बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा गुरुवार को नगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने किया।

27 जुलाई को दर्ज हुआ था मामला

डीएसपी ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक सह प्रभारी इंक्वायरी लिपिक राजेश पासवान ने कार्यालय से इनवर्टर, दो एसएफ सोनिक बैटरियां और एक सैमसंग एलईडी टीवी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 158/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।जांच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान महताब अंसारी उर्फ बल्लू, निवासी न्यू चुड़ी मोहल्ला और मो. वारिस, निवासी सिमरियाटांड़, बुढ़ियाबाद (मुफस्सिल थाना क्षेत्र) के रूप में हुई।

पूछताछ में स्वीकार किया अपराध

डीएसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए।बरामद सामान में माइक्रोटेक इनवर्टर,दो एसएफ सोनिक बैटरियां,एक सैमसंग एलईडी टीवी है।

एक अन्य आरोपी की तलाश जारी

पुलिस जांच में इस चोरी कांड में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे अन्य आपराधिक मामलों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।

लोगों से सहयोग की अपील

डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने कहा कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में नगर थाना के सह थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक गुलाम गौस हुस्सामी, अमित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अरविंद पाठक, विपुल केरकेट्टा तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Exit mobile version