रांची: राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्रों के अनिश्चितकालीन सत्याग्रह धरना प्रदर्शन के दौरान शनिवार देर रात करीब 2 बजे एक युवक अचानक धरना स्थल के समीप स्थित मोबाइल टावर (हाई मास्ट लाइट टावर) पर चढ़ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।करीब पांच घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद रविवार सुबह युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नौकरी नहीं मिलने और घरेलू विवाद से था परेशान
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान लातेहार जिले के निवासी हीरालाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नौकरी नहीं मिलने और घरेलू विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। उसकी पत्नी मायके चली गई थी, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
पत्नी के पहुंचने पर माना युवक
पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार युवक को समझाने का प्रयास करती रही। रविवार सुबह उसकी पत्नी भी घटनास्थल पर पहुंची। पत्नी और प्रशासन के अधिकारियों की काफी समझाइश के बाद हीरालाल टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया।
पुलिस हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
टावर से उतरने के बाद कोतवाली थाना पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
घटना के दौरान पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। समय रहते किए गए प्रयासों से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
