Delhi: पप्पू यादव की प्रेस वार्ता में हंगामा, दो युवकों की पिटाई; सांसद ने लगाया हत्या की साजिश का आरोप

नई दिल्ली: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की प्रेस वार्ता के दौरान रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो युवक अचानक कार्यक्रम के बीच पहुंच गए। दोनों युवकों और सांसद समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई। समर्थकों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी, जबकि सांसद पप्पू यादव एक युवक की गर्दन पकड़ते हुए भी दिखाई दिए। बाद में दिल्ली पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

संसद परिसर के वीडियो को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, पप्पू यादव अपने आवास पर मीडिया से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक भीड़ के बीच पहुंचे और संसद परिसर में बनाए गए उस वीडियो को लेकर सवाल करने लगे, जिसमें पप्पू यादव संत के वेश में राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मुद्दे पर व्यंग्य करते नजर आए थे।युवकों ने आरोप लगाया कि इस वीडियो के जरिए सनातन धर्म और संत समाज का अपमान किया गया है। आरोप लगते ही माहौल गर्म हो गया और समर्थकों ने दोनों युवकों को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।

समर्थकों ने दौड़ाकर पकड़ा, पुलिस के हवाले किया

मारपीट के दौरान दोनों युवक वहां से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन समर्थकों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पप्पू यादव भी एक युवक की गर्दन पकड़कर खड़े दिखाई दिए। बाद में दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू की।

पप्पू यादव बोले- ‘चाकू लेकर मेरी हत्या करने आए थे’

घटना के बाद पप्पू यादव ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि दोनों युवक उनकी हत्या की नीयत से आए थे।उन्होंने कहा,”ये लोग चाकू लेकर मुझे मारने आए थे। मेरे कार्यकर्ताओं की सतर्कता से मेरी जान बच गई। दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।”उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ तथाकथित बाबा उनकी हत्या पर इनाम घोषित कर चुके हैं और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

पप्पू यादव ने दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह कई दिनों से अपनी सुरक्षा को लेकर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।उन्होंने कहा,”मैं छह बार का सांसद हूं, फिर भी मुझे पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल रही। अगर कोई मुझे मारना चाहता है तो मार दे, लेकिन मैं जनता की सेवा से पीछे नहीं हटूंगा।”

पुलिस कर रही है जांच

फिलहाल दिल्ली पुलिस दोनों हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वे कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचे और उनके पास कोई हथियार था या नहीं। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version