Delhi: सांसद पप्पू यादव के प्रदर्शन पर शिकायत दर्ज, धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

नई दिल्ली: राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मुद्दे पर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन करने वाले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान धार्मिक प्रतीकों का अपमान किया गया और इससे सनातन धर्म के अनुयायियों की भावनाएं आहत हुई हैं।

क्या है शिकायत में आरोप?

शिकायतकर्ता सूर्य मैथिल ने आरोप लगाया है कि संसद के बाहर प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र धारण कर धार्मिक प्रतीकों का अनुचित उपयोग किया। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि प्रदर्शन के दौरान भगवान राम लला की तस्वीर पैरों के नीचे रखी गई, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन को विपक्षी इंडिया गठबंधन के कई सांसदों का समर्थन प्राप्त था।

कानूनी कार्रवाई की मांग

सूर्य मैथिल ने अपनी शिकायत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली पुलिस आयुक्त, संबंधित डीसीपी, एसीपी और जहांगीरपुरी थाना प्रभारी से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

संसद के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन

31 जुलाई को संसद परिसर में विपक्षी दलों के सांसदों ने विभिन्न मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान राम मंदिर चंदा मामले, छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और अन्य मुद्दों को लेकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव साधु/पुजारी के वेश में नजर आए। उनके हाथ में भगवान राम की तस्वीर थी और प्रदर्शन के जरिए उन्होंने राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री से इस मामले पर जवाब देने की मांग भी की।

पुलिस करेगी शिकायत की जांच

फिलहाल मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी। अभी तक इस मामले में किसी एफआईआर या कानूनी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Exit mobile version