जमशेदपुर: राज्य में आयोजित 14वीं जेपीएससी , जेएसएससी तथा अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, धांधली, अनियमितता और वादाखिलाफी के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर ने शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन किया।भाजपा महानगर इकाई के तत्वावधान में साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से बड़ा गोलचक्कर तक मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों के साथ न्याय की मांग को लेकर यह विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया गया है।उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और सरकार को भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
भाजपा ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार के कार्यकाल में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और धांधली की शिकायतें सामने आई हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।पार्टी ने मांग की कि भर्ती परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।युवाओं के हितों की रक्षा करते हुए भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाया जाए।
युवाओं के समर्थन में निकाला गया आक्रोश मार्च
भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में मशाल जुलूस में शामिल होकर युवाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करने की अपील की। जुलूस के दौरान सरकार की नीतियों और भर्ती प्रक्रियाओं के विरोध में नारेबाजी भी की गई।
