बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना आरा रोड स्थित हीरा आभूषण भंडार की है, जहां पांच की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने हथियार के बल पर लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए।वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
हेलमेट पहनकर पहुंचे थे बदमाश
दुकानदार प्रणीत कुमार के अनुसार, सभी बदमाश हेलमेट पहने हुए थे और अधिकांश ने अपना चेहरा ढक रखा था। दुकान में घुसते ही उन्होंने हथियार दिखाकर दुकानदार को अपने कब्जे में ले लिया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।उस समय दुकान में दुकानदार के अलावा एक कर्मचारी और एक आभूषण कारीगर भी मौजूद था। भय के कारण किसी ने भी बदमाशों का विरोध नहीं किया।
दुकानदार का दावा- 30 से 35 लाख के आभूषण लूटे
दुकानदार प्रणीत कुमार का कहना है कि बदमाश दुकान से करीब 30 से 35 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूटकर पैदल ही फरार हो गए।बिक्रमगंज एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पांच अपराधी दुकान के अंदर थे, जबकि कुछ अन्य बदमाश बाहर भी मौजूद हो सकते हैं। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।उन्होंने कहा कि लूटे गए आभूषणों के मूल्य का सही आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल दुकानदार ने 30–35 लाख रुपये की लूट का दावा किया है, जबकि पुलिस प्रारंभिक स्तर पर लगभग 10 लाख रुपये के आभूषण लूटे जाने की बात बता रही है।
सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
