Bihar: सासाराम में एनएच -19 पर भीषण सड़क हादसा, टूरिस्ट बस और तेल टैंकर की टक्कर में 23 यात्री घायल

बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दर्शन-पूजन कर गया जा रहे श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस आगे चल रहे तेल टैंकर से पीछे से टकरा गई। इस हादसे में करीब 23 यात्री घायल हो गए, जिनमें 11 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 10 से अधिक यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु के तिरुपुर निवासी श्रद्धालु वाराणसी से दर्शन-पूजन कर टूरिस्ट बस से गया जा रहे थे। इसी दौरान शिवसागर थाना क्षेत्र में बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस आगे चल रहे तेल टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

एनएचएआई और पुलिस ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को तत्काल सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।

बस चालक के नियंत्रण खोने की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एनएच-19 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कर दिया गया।

Exit mobile version