रांची: झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झड़प हो गई। विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई।
नारेबाजी से शुरू हुआ विवाद, हाथापाई तक पहुंचा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी हुई। इसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों, अंडों और पानी की बोतलों से एक-दूसरे पर हमला किया गया। अचानक हुई इस हिंसक झड़प से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। झड़प के दौरान कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। हालांकि, घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वीडियो फुटेज के आधार पर जांच
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर मौजूद वीडियो फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
दोनों दलों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
इस घटना को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। रांची में हुई इस झड़प ने राज्य की राजनीति को और गर्मा दिया है। साथ ही कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
